बर्ड फ्लू: दिल्ली में फिर से खुलेंगे पोल्ट्री मार्केट

2021-01-14 20:09:58

बर्ड फ्लू: दिल्ली में फिर से खुलेंगे पोल्ट्री मार्केट_fororder_bird flu 1

भारत की राजधानी दिल्ली में बर्ड फ्लू को लेकर एक अच्छी ख़बर आयी है। क्योंकि गाजीपुर मुर्गा मंडी से जालंधर भेजे गए नमूने नेगेटिव पाए गए हैं। इस तरह दिल्ली में बर्ड फ्लू न फैलने की पुष्टि हुई है। इसके बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पोल्ट्री मार्केट को फिर से खोलने का आदेश जारी किया है। इसके साथ ही दुकानों में पोल्ट्री व प्रसंस्कृत चिकन बेचने व संग्रहित करने पर लगी पाबंदी भी हटा दी गयी है।

इससे पहले दिल्ली सरकार ने बर्ड फ्लू की आशंका के मद्देनज़र सबसे बड़ी पोल्ट्री मार्केट गाजीपुर को बंद करने के आदेश जारी किए थे। लेकिन इस बीच गाजीपुर मुर्गा मंडी से जालंधर भेजे गए सौ सैंपल नकारात्मक पाए गए हैं। ऐसे में दिल्ली में बर्ड फ्लू फैलने की संभावना खारिज हो गयी है। जिसके बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने नया आदेश दिया है। जिसमें गाजीपुर पोल्ट्री मार्केट को दोबारा खोलने की बात कही गयी है।

बर्ड फ्लू: दिल्ली में फिर से खुलेंगे पोल्ट्री मार्केट_fororder_Bird flu

गौरतलब है कि दिल्ली की संजय झील में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने से पहले गाजीपुर मंडी से रैंडम सैंपल जालंधर स्थित लैब में भेजे गए थे। हालांकि पशुपालन विभाग की टीमें पूरी तरह सतर्क हैं और राजधानी के विभिन्न इलाकों से नमूने जुटा रही हैं।

इससे पहले दिल्ली में कुछ कौवों और बत्तखों के नमूनों में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद सरकार ने शहर के बाहर से लाए जाने वाले प्रसंस्कृत व पैकेटबंद चिकन की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया था। वहीं पोल्ट्री बाज़ार को दस दिनों के लिए बंद करने का आदेश जारी किया गया था।

यहां बता दें कि महाराष्ट्र, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, केरल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा व गुजरात आदि राज्यों में बर्ड फ्लू के मामले सामने आए हैं।

(अनिल आज़ाद पांडेय)

रेडियो प्रोग्राम